
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुविधा मार्केट में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। रोज़मर्रा की तरह अपनी दुकान पर मौजूद मोनू चक्रवर्ती अचानक हुए इस विवाद का शिकार हो गया, जिसने देखते ही देखते उसकी जान ले ली।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा के अनुसार, आशू यादव, (गोरखपुर निवासी ) अमन चक्रवर्ती और रोहित झारिया (निवासी गढ़ा) मोनू चक्रवर्ती की दुकान पर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर तीनों ने मोनू से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मोनू ने इसका विरोध किया और अपशब्द कहने से मना किया, तो विवाद और बढ़ गया। मामला बढ़ने पर आरोपियों ने हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान अमन चक्रवर्ती ने चाकू निकालकर मोनू पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले में मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग आनन-फानन में मोनू को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान मोनू ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों आशू यादव, अमन चक्रवर्ती और रोहित झारिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद एहतियातन इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।