नई दिल्ली: सुबह करीब 9 बजे का वक्त रहा होगा। नींद के आगोश से निकलकर लोग अपने-अपने काम में लगे थे। तभी सायरन बजाती हुई पुलिस की गाड़ी एक घर के बाहर आकर रुकती हैं। गाड़ी से उतरकर पुलिसवाले घर के अंदर दाखिल होते हैं और कुछ देर बाद एक शख्स की लाश और एक सूटकेस के साथ बाहर निकलते हैं। तब तक आसपास के लोग भी उस घर के बाहर जमा हो जाते हैं। माहौल में एक सन्नाटा पसर जाता है और किसी को कुछ समझ नहीं आता। थोड़ी देर बाद अचानक हलचल तेज होती है। पुलिसकर्मी उस घर में रहने वाली महिला को अपने साथ गाड़ी में बिठाकर ले जाते हैं।लोगों के बीच सवाल दौड़ने लगते हैं। आखिर उस घर में हुआ क्या था? जिसकी लाश मिली, वो शख्स कौन था? police को घर के अंदर से मिले उस सूटकेस में क्या था? और पुलिस घर में रहने वाली उस महिला को पकड़कर अपने साथ क्यों ले गई? हेडक्वार्टर पहुंचकर पुलिस महिला से पूछताछ करती है, तो एक कहानी निकलकर सामने आती है। महिला बताती है कि वो और उसका प्रेमी पिछले काफी समय से रिलेशनशिप में थे और उस घर में साथ-साथ रह रहे थे। बीती रात दोनों ने शराब पी और लुका-छिपी का खेल खेलने लगे।
अपनी कहानी में महिला ने क्या-क्या बताया? महिला ने अपनी कहानी में पुलिस को बताया कि लुका-छिपी के खेल के दौरान उसके प्रेमी ने खुद को एक सूटकेस में बंद कर लिया। उसने अपने प्रेमी को खोज तो लिया, लेकिन शराब के नशे में ये सोचकर सो गई कि वो खुद ही बाहर निकल आएगा। सुबह जब उसकी आंख खुली तो उसे घर में उसका प्रेमी नहीं दिखा। तभी उसे बीती रात वाली बात याद आई और वो दौड़कर उस सूटकेस के पास गई। उसने सूटकेस की जिप खोली तो देखा कि उसके प्रेमी की सांसें थम चुकी थीं। सूटकेस के अंदर दम घुटने से वो मर गया था। महिला ने बताया कि इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर घर बुला लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदल दी पूरी कहानी शुरुआत में पुलिस को लगा कि महिला सच बोल रही है। उन्हें उसकी कहानी पर विश्वास आ गया। लेकिन, अगले दिन आई उस शख्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कहानी को एक नया मोड़ दे दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शख्स की body पर कुछ चोटों के निशान पाए गए। उसकी पीठ और गर्दन पर खरोंच के निशान थे। कंधे, खोपड़ी और माथे पर चोट लगी थी। साथ ही उसके होंठ के पास एक कट का निशान भी था। पुलिस का माथा ठनका और मामले की तफ्तीश के लिए वारंट लेकर महिला के घर तलाशी लेने पहुंच गई।
वीडियो देखकर उड़े पुलिस अफसरों के होश तलाशी में महिला के घर से पुलिस को शराब की एक बोतल मिली। इसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल चेक किया, तो उसमें एक वीडियो नजर आया। इस वीडियो को देखने के बाद पुलिस के अफसरों के होश उड़ गए। पूरा मामला शीशे की तरह साफ हो गया। तुरंत महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही पुलिस ने उसके ऊपर कत्ल की धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, महिला ने ही अपने प्रेमी का कत्ल किया था और इसका सबूत था वो वीडियो, जो पुलिस को उसके मोबाइल से मिला।